पटना सिटी में 4 सितंबर को निकलेगी भव्य श्रीकृष्ण शोभायात्रा, जागरूकता अभियान शुरू

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

मंगल तालाब और नई सड़क क्षेत्र में बंटे पत्रक व मोरपंख, तीन मार्गों से निकलेगी झांकी

पटना सिटी, 01 सितंबर 2026: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर पटना सिटी क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के बैनर तले मंगल तालाब और नई सड़क इलाके में महिलाओं, छात्रों और खिलाड़ियों ने जन-जागरूकता अभियान चलाया। महासचिव संजीव यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान लोगों के बीच आमंत्रण पत्रक और मोरपंख वितरित कर 4 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया।

समिति के मीडिया प्रभारी प्रदीप काश के अनुसार, आगामी शुक्रवार को अष्टयाम झांकी और भजन-कीर्तन के साथ तीन अलग-अलग दिशाओं से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी:

  • पूर्वी छोर: सिमली छोटी मंदिर से प्रारंभ होकर मारूफगंज चौक और नई सड़क होते हुए मनोज कमलिया स्टेडियम के मुख्य द्वार पहुंचेगी।
  • पश्चिमी छोर: गौरी शंकर मंदिर से शुरू होकर राधा कृष्ण मंदिर बेलबरगंज, खाजेकलां और चौक होते हुए मंगल तालाब पहुंचेगी।
  • दक्षिणी छोर: नून का चौराहा काली मंदिर से प्रारंभ होकर सिटी स्टेशन, मोर्चा पर और हाजीगंज चौक होते हुए मनोज कमलिया स्टेडियम के मुख्य द्वार पर एकत्र होगी।

शोभायात्रा के मनोज कमलिया स्टेडियम के मुख्य द्वार पर पहुंचने के उपरांत समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं और झांकी में शामिल दलों का भव्य अभिनंदन किया जाएगा।