– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
दानापुर में हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दबोचा, अवैध कट्टा व कारतूस बरामद
पटना, 1 सितंबर 2026: सगुना नया टोला इलाके में अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त को एक वीडियो फुटेज सामने आया था, जिसमें सगुना नया टोला गांधी मूर्ति के पास दो युवक अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर भय का माहौल बनाते दिख रहे थे। सत्यापन और पहचान के बाद मुख्य आरोपी की पहचान ऋषि कुमार (पिता: स्वर्गीय विजय राय, निवासी: सगुना नदी पर, थाना: दानापुर) के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (दानापुर-01) के नेतृत्व में दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज, सगुना ओपी प्रभारी अनु सिंह और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने 1 देशी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस और 2 खोखा बरामद किया है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पूर्व में हत्या व रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस संबंध में दानापुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि वीडियो में शामिल दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
