राजस्व सेवाओं की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर सचिव जय सिंह का जोर

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बेगूसराय, मधुबनी और जमुई के सभी अंचल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश

पटना, 13 सितंबर 2026। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में बेगूसराय, मधुबनी और जमुई जिलों के सभी अंचल अधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में किया गया।

बैठक के दौरान तीनों जिलों के अंचलों में संचालित विभागीय कार्यों एवं विभिन्न राजस्व सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस क्रम में सभी जमाबंदियों में सुधार, मृत जमाबंदी रैयतों के उत्तराधिकारियों के नामांतरण तथा गलत दस्तावेजों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा की गई।

लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

सचिव जय सिंह ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा आम लोगों को राजस्व सेवाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने विभागीय कार्यों के निष्पादन में गंभीरता बरतने और आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की आवश्यकता पर बल दिया। समीक्षा बैठक के दौरान अंचल स्तर पर लंबित मामलों की स्थिति और उनके शीघ्र निष्पादन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सचिव सीमा त्रिपाठी, भू-अर्जन निदेशालय के निदेशक कमलेश कुमार, सहायक निदेशक सह अपर सचिव आजीव वत्सराज, अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, उप निदेशक मोना झा, विशेष कार्य पदाधिकारी नवाजिश अख्तर, अनुपम प्रकाश, उप सचिव अविनाश कुमार, सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, आईटी मैनेजर आनंद शंकर, प्रशाखा पदाधिकारी राजीव शंकर, दीनदयाल राम, दिवाकर सहित बेगूसराय, मधुबनी और जमुई जिलों के सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

Verified by MonsterInsights