– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, नाव, चिकित्सा, पशुचारा और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
गंगा नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण एवं बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए एसडीएम कृष्णा जोशी लगातार एक्शन में हैं। वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा ले रही हैं तथा प्रभावित लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रही हैं।
एसडीएम कृष्णा जोशी ने बाढ़ प्रभावित मोकामा अंचल के कसहा दियारा पंचायत के विभिन्न गांवों का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित जनसंख्या के लिए संचालित सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित कर प्रभावित गांवों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ चिकित्सा शिविर लगाने का निर्देश दिया। एसडीएम कृष्णा जोशी ने अतिरिक्त प्रभावित जनसंख्या के लिए की गई नाव की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
वहीं, एसडीएम कृष्णा जोशी ने बख्तियारपुर अंचल अंतर्गत दो स्थानों पर संचालित सामुदायिक रसोई केंद्रों का भी निरीक्षण किया। ग्राम बेनीपुर में प्रभावित जनसंख्या के विस्थापित परिवारों के लिए बख्तियारपुर अंचल अधिकारी को निर्देशित कर सामुदायिक रसोई केंद्र का संचालन कराया जा रहा है।

इसके अलावा बख्तियारपुर अंचल के सभी पांचों दियारा क्षेत्रों में कुल 21 सरकारी नावों का परिचालन कराया जा रहा है। परिचालित सभी नावों पर एक-एक आपदा मित्र की प्रतिनियुक्ति भी की गई है, जिसकी मॉनिटरिंग अनुमंडल स्तर से की जा रही है।
इसके अलावा बख्तियारपुर अंचल अंतर्गत प्रभावित पंचायतों के गांवों में शनिवार से पॉलीथिन शीट का वितरण कराया जा रहा है।
एसडीएम कृष्णा जोशी ने अथमलगोला एवं बाढ़ अंचल अंतर्गत पूर्व से संचालित सामुदायिक रसोई केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों अंचलों में सभी प्रभावित परिवारों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने नगर परिषद के सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित कर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी नगर क्षेत्रों के प्रमुख गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग कराने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए चेतावनी संबंधी बैनर लगाने का निर्देश दिया।
उनके निर्देश पर सभी अंचलों में माइकिंग कराई जा रही है। इसके माध्यम से लोगों को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी में स्नान नहीं करने की सलाह दी जा रही है। साथ ही कहा जा रहा है कि यदि स्नान करने जाएं तो बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करें।
एसडीएम कृष्णा जोशी के निर्देश पर सभी अंचलों में संचालित सामुदायिक रसोई केंद्रों में शरण लिए हुए परिवारों के मवेशियों के लिए पशुचारा की व्यवस्था भी कराई गई है। विस्थापित पशुपालकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पशुचारा का वितरण किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीएम कृष्णा जोशी के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्रों में राहत, चिकित्सा, आवागमन, भोजन, पशुचारा और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
