खाद्य सुरक्षा पर राज्यभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, डेहरी में सड़ा पल्प और एक्सपायरी सॉस नष्ट

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

9 जिलों के 19 प्रतिष्ठानों में छापेमारी, 200 किलो कीड़े लगा टमाटर पल्प जमीन में दबाया

पटना, 22 सितंबर 2026। राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों ने गया, वैशाली, सीतामढ़ी, सारण, रोहतास, लखीसराय, सहरसा, शेखपुरा एवं अरवल सहित विभिन्न जिलों के 19 प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर दूषित सामग्री नष्ट कराई गई और नमूने जांच के लिए भेजे गए।

रोहतास जिले के डेहरी में एसडीएम एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने ‘लायन किंग टॉप’ नामक प्रतिष्ठान पर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान वहां 200 किलोग्राम सड़ा हुआ और कीड़े लगा टमाटर पल्प तथा 35 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त सड़ा आलू मैश पल्प बरामद हुआ। इसके अलावा 240 बोतल मिर्च सॉस और 120 बोतल टमाटर सॉस पूरी तरह एक्सपायरी और बदबूदार पाए गए। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 38(4) के तहत इन सभी अनुपयुक्त सामग्रियों को तत्काल गड्ढे में दबाकर, मिट्टी और राख डालकर नष्ट कराया गया।

अभियान के तहत सीतामढ़ी के बेलसंड स्थित अन्नपूर्णा भंडार, सारण में ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, वैशाली में धनलक्ष्मी ट्रेडर्स व मिश्री जयश्री द्वारकाधीश तथा गया में गोपाल फूड व उपहार स्वीट्स की सघन जांच की गई। सहरसा में तेल, मसालों और दाल की जांच के दौरान दूषित पाए गए लड्डू नष्ट कराए गए। शेखपुरा में तीन और अरवल में पांच प्रतिष्ठानों की जांच हुई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर जब्ती, सामग्री नष्ट करने व कानूनी कार्रवाई का सिलसिला आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Verified by MonsterInsights