-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बोकारो थर्मल में मांदर की थाप पर थिरके डीसी-एसपी, करम वृक्ष की विधि-विधान से की पूजा
बोकारो, 22 सितंबर 2026। सांस्कृतिक निदेशालय झारखंड (रांची) और बोकारो जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में जिला स्तरीय करम महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और प्रोबेशनर आईएएस अधिकारी राधा कृष्णन ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन स्थल पर जेएसएलपीएस की दीदियों ने पारंपरिक लोटा-पानी और तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य अतिथियों ने अखरा परंपरा के अनुसार करम वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की। पूजा के बाद पूरा मैदान मांदर की थाप और करम गीतों से गूंज उठा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लोक संस्कृति के रंग में रंगे दिखे। डीसी, एसपी और सीओ ने मांदर बजाया और ग्रामीणों के साथ कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक झूमर नृत्य किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा, प्रकृति संरक्षण और अटूट भाईचारे का अनूठा प्रतीक है। यह पर्व राज्य की जीवनशैली और संस्कृति में रचा-बसा है। सरकार की प्राथमिकता इस सांस्कृतिक धरोहर को संजोकर भावी पीढ़ी तक पहुंचाना है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार, गांधी नगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह और कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम दल-बल के साथ तैनात रहे। कार्यक्रम में बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ संजीत कुमार सिंह, बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी, जिप सदस्य शहजादी बानो सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।
