-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
‘मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल’ से मिली राहत, होल्ड पर रखे ₹23 लाख भी जल्द कराए जाएंगे वापस
बोकारो, 23 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में बोकारो साइबर पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार पीड़ितों को राहत दिलाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ‘मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल’ (Money Restoration Module) के तहत त्वरित विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए 6 साइबर पीड़ितों के कुल 1.10 लाख रुपये वापस कराने के लिए संबंधित बैंकों को आवश्यक अनुरोध भेज दिया है।
पैसा वापस पाने वाले पीड़ितों में बेरमो निवासी सोनू कुमार (₹40,000), हरला निवासी राज हर्षिता सिंह (₹36,072), हरला के मो. मुर्शीद आलम (₹16,000), दुग्धा के मो. शाहिद खान (₹10,000), मुर्शीद खान (₹5,700) तथा चास निवासी सत्यम कुमार (₹3,217) शामिल हैं।
साइबर पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि जिले में विभिन्न मामलों के पीड़ितों के वर्तमान में करीब 23 लाख रुपये संदिग्ध खातों में होल्ड कराए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन सभी पीड़ितों से संपर्क स्थापित कर उनकी राशि वापस कराने की विधिक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
अधिकारियों ने रेखांकित किया कि साइबर ठगी का शिकार होने के बाद जिन लोगों ने ‘गोल्डन पीरियड’ यानी 1 घंटे के भीतर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई, उनका पैसा वापस मिलने की संभावना सबसे अधिक देखी गई है। बोकारो पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होते ही बिना किसी देरी के 1930 पर कॉल करें ताकि समय रहते खाते फ्रीज कराए जा सकें।
