-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
जोन्हा, हुंडरू, दशम और सीता फॉल में जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा, जोखिम लेकर सेल्फी न लेने की अपील
रांची, 23 सितंबर 2026। राजधानी रांची और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जिले के प्रमुख जलप्रपात (वाटरफॉल्स) इन दिनों पूरे उफान पर हैं। तेज जलधारा और फिसलन भरी खतरनाक चट्टानों के कारण पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल समेत सभी प्रमुख जलप्रपातों व डैम क्षेत्रों में सैलानियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवायजरी में स्पष्ट किया गया है कि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से भारी पानी आने के कारण जलप्रपातों का जलस्तर कभी भी अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकता है। चट्टानों पर काई जमने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों को उफनती जलधारा के नजदीक जाने, पानी के बीच पत्थरों पर चढ़ने और जान जोखिम में डालकर खतरनाक सेल्फी अथवा फोटो लेने से सख्त परहेज करने को कहा है।
इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर डैम क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान बोटिंग (नौकायान) पर रोक लगाने की सलाह दी गई है। पर्यटन स्थलों पर नशे की हालत में घूमने और शराब पीकर पानी में उतरने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने सैलानियों से मौके पर तैनात पुलिस बल, होमगार्ड और ‘पर्यटक मित्रों’ के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा केवल निर्धारित सुरक्षित घेरे से ही प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अनुरोध किया है।
