–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सिमुलेशन तकनीक से तराशी जाएगी रणनीतिक सोच और व्यावसायिक दक्षता, 30 सितंबर तक चलेगा सशक्तिकरण सत्र
बोकारो, 28 सितम्बर 2026 : बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में महिला अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय विशेष ‘बिजनेस लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम’ का विधिवत शुभारंभ हुआ। आगामी 30 सितंबर तक चलने वाले इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संयंत्र में कार्यरत महिला अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक प्रबंधन, वित्तीय सूझ-बूझ तथा त्वरित व सटीक निर्णय लेने के कौशल को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) के तकनीकी व प्रबंधकीय सहयोग से संचालित यह प्रशिक्षण पूरी तरह आधुनिक बिजनेस सिमुलेशन पद्धति पर आधारित है। इसे विशेष रूप से इस्पात उद्योग की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप डिजाइन किया गया है। एआईएमए के सहायक निदेशक के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए प्रतिभागियों को जीवंत कॉरपोरेट सिमुलेशन वातावरण में जटिल व्यावसायिक निर्णयों के विभिन्न आयामों और उनके दूरगामी प्रभावों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिल रहा है।
पारंपरिक व्याख्यानों और क्लासरूम थ्योरी से अलग हटकर इस कार्यशाला में डेटा एनालिसिस, टीम वर्क और रणनीतिक निर्णय क्षमता विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सिमुलेशन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को ऑपरेशन्स, लागत नियंत्रण, वित्तीय योजना, संसाधन प्रबंधन तथा बाजार की बदलती गतिशीलता के अंतर्संबंधों से रूबरू कराया जा रहा है। इससे महिला अधिकारियों को संपूर्ण संगठन को एक समग्र ‘प्रॉफिट सेंटर’ के दृष्टिकोण से देखने और भविष्य में संयंत्र के प्रमुख दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने में मदद मिलेगी।
