-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
रांची मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों में विदाई समारोह आयोजित, दीर्घकालीन सेवाओं को सराहा गया
रांची, 01 अक्टूबर 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने समर्पित कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल और योगदान को नमन करते हुए एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया। इस दौरान सीसीएल मुख्यालय और विभिन्न परिचालन क्षेत्रों से सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त हुए कुल 84 कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 8 कर्मचारियों का सम्मान हुआ, जबकि शेष कर्मियों को उनके संबंधित कार्यक्षेत्रों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से विदा किया गया।
मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक भावुक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों ने कंपनी में बिताए अपने कार्य अनुभवों, यादों और सहयोगियों के साथ जुड़े पलों को साझा किया। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में ई एंड एम विभाग की महाप्रबंधक सुचंद्रा सिन्हा, ई एंड टी विभाग के महाप्रबंधक संतोष कुमार सिंह, सतर्कता विभाग के मुख्य प्रबंधक (वित्त) रंधीर कुमार सिंह, समाधान सेल के मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) गौतम चौधरी, कल्याण विभाग के प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन, प्रशासन विभाग के ओएस (ग्रेड-A1) अनिल कुमार सहनी, गांधी नगर अस्पताल के मुख्य फार्मासिस्ट कमलेश पंडित और चिकित्सा विभाग के मोहन तांती शामिल हैं।
समारोह में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कर्मियों के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के वर्षों के योगदान से ही संस्थान आज इस मुकाम पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह दिन उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में सभी कर्मियों को शॉल, फूलों का गुलदस्ता और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
