-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पिपरवार को दूसरा और हजारीबाग क्षेत्र को मिला तीसरा स्थान, निदेशक हर्ष नाथ मिश्र ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
रांची, 01 अक्टूबर 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एनके क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर एनके क्षेत्र ने पहला, पिपरवार क्षेत्र ने दूसरा और हजारीबाग क्षेत्र ने तीसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे और उन्होंने विजयी टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि कला और संस्कृति हमारी परंपराओं और समृद्ध धरोहर को सुरक्षित रखने का सशक्त जरिया हैं। उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग जैसे कठिन कार्यक्षेत्र में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों को अपनी छुपी हुई प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही, इससे कर्मियों के बीच आपसी तालमेल, सहयोग और आत्मीयता की भावना भी मजबूत होती है।
प्रतियोगिता का आरंभ एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ कुमार तिवारी ने किया था। इस दौरान सीसीएल के खेल प्रबंधक आदिल हुसैन, कई वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय हितधारक और ग्रामीण मौजूद रहे।
दो दिनों तक चले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में प्रतिभागियों ने शास्त्रीय और लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर भजन, ग़ज़ल, रवींद्र संगीत, नजरुल गीत, कव्वाली, ध्रुपद, खयाल, ठुमरी और भारतीय लोकगीतों की गूंज रही। वहीं कथक, ओडिसी और लोक नृत्यों के साथ-साथ बांसुरी, वायलिन, गिटार, माउथ ऑर्गन, बैंजो वादन और ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया।
