जेसीआई एक्सपो उत्सव में उमड़ी भारी भीड़: रविवार को ‘एक्सपो टैंक’ और डांस प्रतियोगिता ने बांधा समां

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 100 से अधिक लोगों ने कराई जांच, आज सजेगा फैशन शो का मंच

रांची, 5 अक्टूबर 2026: युवा सामाजिक और व्यापारिक संस्था जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जेसीआई) की ओर से आयोजित 29वें ‘एक्सपो उत्सव 2026’ में रविवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय मेले में देश-विदेश के कई बड़े ब्रांड्स, ऑटोमोबाइल, स्टार्टअप्स और ड्राई फ्रूट्स के कुल 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। महिला उद्यमियों को सशक्त करने के लिए तैयार किया गया विशेष ‘पिंक हैंगर’ और बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक झूलों से लैस एम्यूजमेंट पार्क पूरे मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

रविवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, जमशेदपुर रॉयल्स शाखा के टी के अग्रवाल और सीए विवेक अग्रवाल ने एक्सपो का अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं के इस भव्य प्रयास और प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर की प्रतिभा और व्यापार को नई ऊर्जा मिलती है। संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का अभिनंदन दुपट्टा और स्मृति चिन्ह देकर किया। सामाजिक सरोकार के तहत मेले में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां 100 से अधिक जरूरतमंदों ने अपनी आंखों की जांच कराई।

मेले के चौथे दिन आयोजित ‘एक्सपो टैंक’ में 13 टीमों के 26 प्रतिभागियों ने नए बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। इसके निर्णायक मंडल में रांची के प्रमुख उद्यमी जय प्रकाश सिंघानिया, अवध पोद्दार, अभिनव शाह और मोना मेहता शामिल रहे। इसके बाद हुई डांस प्रतियोगिता में 75 बच्चों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिसके निर्णायक दीपक सिंह और आकांक्षा सिंह रहे। विजेताओं को मंच से पुरस्कृत किया गया। सोमवार, 5 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता और बुटीक एक्सपो फैशन शो का आयोजन होगा, जिसमें शहर के डिजाइनर अपने परिधान प्रदर्शित करेंगे। वहीं 6 अक्टूबर को प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा ‘भजन जैमिंग’ की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य प्रायोजक पंचरत्न स्काईलाइन सहित कई सहयोगी ब्रांड्स और अध्यक्ष अभिषेक जैन व सचिव साकेत अग्रवाल के नेतृत्व में पूरी टीम आयोजन को सफल बनाने में जुटी है।

Verified by MonsterInsights