लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
चास में अतिक्रमण हटेगा, व्यापारियों को मिलेगी साइबर सुरक्षा ट्रेनिंग; दुकानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील
बोकारो, 05 अक्टूबर: शहर की कानून व्यवस्था को मजबूत करने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चैंबर ऑफ कॉमर्स, बोकारो के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था, पार्किंग की कमी, अतिक्रमण, रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और साइबर अपराध की रोकथाम जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
व्यापारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने बेरमो थाना क्षेत्र में शीघ्र नया ट्रैफिक पोस्ट शुरू करने का फैसला लिया, जिसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चास क्षेत्र में अतिक्रमण की गंभीर समस्या के समाधान के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा असमाजिक तत्वों के अड्डेबाजी वाले स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई तेज करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। आपात स्थिति में त्वरित मदद के लिए रात्रि गश्ती, रक्षक दल और टाइगर मोबाइल गश्ती दलों के संपर्क नंबर रोजाना व्यापारियों के साथ साझा किए जाएंगे।
बैठक में व्यापारियों ने साइबर ठगी के शिकार पीड़ितों के पैसे वापस कराने में बोकारो पुलिस की सक्रियता की सराहना की। इस दौरान व्यापारियों के फ्रीज खातों को जल्द अनफ्रीज कराने और एपीके (APK) फ्रॉड से बचाव के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की मांग रखी गई, जिसके लिए साइबर प्रभारी सह पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने व्यवसायियों से अपील की कि रंगदारी या धमकी भरा कॉल आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और विशेषकर ज्वैलरी दुकानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया गया, जिस पर चैंबर के प्रतिनिधियों ने अपनी पूरी सहमति जताई।
