-लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
बीआईए सभागार में ‘विकास के पथ पर बढ़ता बिहार’ विषय पर मंथन, पद्मश्री डॉ. शांति राय समेत कई हस्तियां सम्मानित
पटना, 08 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना स्थित बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) सभागार में मृदुराज फाउंडेशन की ओर से ‘मृदुराज प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ सह परिचर्चा का भव्य आयोजन किया गया। “विकास के पथ पर बढ़ता बिहार” विषय पर आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जितेंद्र नीरज ने की, जबकि मंच संचालन राजीव रंजन द्वारा किया गया।
समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा के लिए पद्मश्री डॉ. शांति राय, राजनीति में शिशिर कुमार, शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सचिंद्र कुमार, समाज सेवा के लिए प्रवीण कुमार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कुमारी जूही सिन्हा को ‘मृदुराज प्रतिभा सम्मान’ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना अनिवार्य है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार सृजन, मजबूत आधारभूत संरचना और सामाजिक समरसता के लिए सरकार और समाज की साझा भागीदारी जरूरी है।

परिचर्चा के दौरान विधायक श्याम रजक और विधायक संजय चौरसिया सहित अन्य वक्ताओं ने ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे अहम विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों से जोड़ते हुए राज्य को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
