सेल और बीएसएल प्रबंधन के खिलाफ बीएकेएस का बड़ा एलान: 12 अक्टूबर से होगा आमरण अनशन

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

बोनस विवाद और लंबित मांगों को लेकर चौथे चरण का आंदोलन, टू टैंक गार्डेन में बैठेंगे कर्मचारी प्रतिनिधि

बोकारो, 9 अक्टूबर 2026: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) कॉरपोरेट और बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) प्रबंधन की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। संघ ने अपने आंदोलन के चौथे चरण की घोषणा करते हुए 12 अक्टूबर से आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अनशन संघ के महासचिव हरिओम कुमार के नेतृत्व में टू टैंक गार्डेन स्थित धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। अनशन पर बैठने से पूर्व संघ के पदाधिकारी नगर के विभिन्न चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।

यूनियन के अनुसार, सेल कॉरपोरेट स्तर पर पिछले दो दशकों से कर्मचारियों की 45 से अधिक मांगें लंबित हैं, जिसके कारण कर्मियों को प्रतिवर्ष भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं बीएसएल स्थानीय प्रबंधन द्वारा भी 50 से अधिक स्थानीय मुद्दों का निराकरण नहीं किया जा रहा है। हाल ही में तय किए गए बोनस फॉर्मूले और कर्मचारियों की असहमति के बावजूद जबरन खातों में राशि भेजे जाने को लेकर कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने इसे निर्णायक लड़ाई बताते हुए कहा कि पूर्व में तीन चरणों—काली पट्टी बांधकर काम करने, विभागाध्यक्षों के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन और मौन जुलूस—के जरिए विरोध दर्ज कराया जा चुका है, किंतु प्रबंधन के अड़ियल रुख के चलते अब अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

महासचिव हरिओम कुमार ने वर्तमान हालात की तुलना अंग्रेजी हुकूमत से करते हुए कहा कि कर्मचारियों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन और गैर-निर्वाचित यूनियन नेताओं के गठजोड़ ने कर्मियों का शोषण किया है, जिसके खात्मे के लिए सेल कर्मियों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

Verified by MonsterInsights