–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
जगह-जगह जेसीबी से पुष्प वर्षा कर हुआ भव्य स्वागत, बिक्रम और पालीगंज में उमड़ा जनसैलाब; युवाओं में सेल्फी की होड़
पटना, 09 अक्टूबर 2026 : मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में पटना के एम्स (AIIMS) गोलंबर से अपनी ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की जोरदार शुरुआत की। यात्रा के दौरान ग्रामीण और शहरी इलाकों में उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़ ने फूलमालाओं, अंगवस्त्रों और एक साथ कई जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा कर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। समर्थकों ने “छोटे सरकार जिंदाबाद” और “अनंत सिंह जिंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगाए।
गुरुवार सुबह करीब सवा नौ बजे एम्स गोलंबर से शुरू हुई यह यात्रा सिमर, महंगूपुर, बांदीपुर होते हुए नौबतपुर के चिरौरा पहुंची। इसके बाद भीलूड़ा, रामपुर, नौबतपुर बाजार, तरेत पाली स्थान, खजूरी, छोटी टंगरैला, शहर रामपुर, पिपलावां बाजार और सोनागांव होते हुए काफिला आगे बढ़ा। मार्ग में पड़ने वाले पितमास ठाकुरबाड़ी, बिक्रम मोड़, कोपा, दरियापुर और नारायणपुर में विधायक अनंत सिंह ने स्नातक मतदाताओं और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर डॉ. अनुज सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

दोपहर करीब 12:50 बजे बिक्रम शहीद चौक पहुंचने पर विधायक अनंत सिंह ने अमर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत यात्रा दुल्हिन बाजार, उलार सूर्य मंदिर, ऐतिहासिक भरतपुरा पुस्तकालय, पालीगंज बाजार, महाबलीपुर, जलपुरा, काब, कनपा और गोपालपुर होते हुए राघोपुर स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती आश्रम पहुंची, जहां आश्रम परिसर में स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वे स्नातक मतदाताओं से संवाद करने और डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता मालिक का पूरा समर्थन उनके साथ है और इस चुनाव में विरोधी प्रत्याशी नीरज कुमार की जमानत जब्त हो जाएगी। यात्रा में सबसे खास बात युवाओं की भारी भागीदारी रही, जहां युवाओं में विधायक अनंत सिंह के साथ सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाने की होड़ मची रही।
