–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पाइरेट्स ऑफ ग्रिल और बर्गर सिंह में भी जांच, गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पर सुधार के सख्त निर्देश
पटना, 10 अक्टूबर 2026: राजधानी पटना में आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने एस.पी. वर्मा रोड स्थित कई प्रमुख रेस्तरां और आउटलेट्स में औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के तहत पिस्ता हाउस, पाइरेट्स ऑफ ग्रिल और बर्गर सिंह सहित कई प्रतिष्ठानों में रसोई की स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कीटनाशक उपायों की गहन जांच की गई, जहां कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान पिस्ता हाउस में 15 किलो ड्राइड चेरी, 42 किलो ड्राइड पाइनएप्पल, 32 किलो ड्राइड जिंजर और 7.5 किलो डेट्स पेस्ट सहित कुल 56,400 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। इनमें से डेट्स पेस्ट पर भ्रामक ब्रांडिंग पाई गई, जबकि आयातित उत्पादों पर जरूरी विवरण दर्ज नहीं थे। इसके अलावा दुकान में रखे 66 पैकेट तंदूरी मसाला और 51 पैकेट गरम मसाला की समयसीमा (एक्सपायरी) समाप्त पाई गई, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। यहां वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने, फ्रीजर में रोशनी की कमी, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र न होने और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था जैसी कमियां भी सामने आईं।

वहीं एस.पी. वर्मा रोड स्थित पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में भी 5 किलो लाल मिर्च पाउडर, 5 किलो धनिया पाउडर और सोंठ पाउडर के पैकेट जब्त किए गए। जांच के दौरान किचन के नाले में पानी का जमाव और फ्रीजर में वेज व नॉनवेज को साथ रखने की लापरवाही मिली। साथ ही बिल पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर भी दर्ज नहीं था। प्रतिष्ठान को इन सभी कमियों को तत्काल दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया है। अभियान के तहत बर्गर सिंह से सॉस और मेयोनेज़ तथा अन्य दुकानों से पनीर, बादाम, किशमिश और मसालों के नमूने जुटाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
