राजस्व कार्यों में लाएं तेजी, लंबित मामलों का हो त्वरित निष्पादन: सचिव जय सिंह

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

गया, नालंदा व शेखपुरा के अंचल अधिकारियों की समीक्षा बैठक, ई-मापी और दाखिल-खारिज पर विशेष जोर

पटना, 04 सितंबर 2026: बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में गया, नालंदा एवं शेखपुरा जिलों के सभी अंचल अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित इस बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में ई-मापी, जमाबंदी सुधार, मृत जमाबंदी रैयतों के उत्तराधिकारियों के नामांतरण (दाखिल-खारिज) तथा फर्जी व गलत दस्तावेजों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने जैसे मुद्दों पर विस्तृत विमर्श हुआ। अंचल स्तर पर कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली तकनीकी व व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए सचिव ने उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और जनहित से जुड़े राजस्व कार्यों में तेजी लाने को कहा।

इस अवसर पर अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, उप निदेशक मोना झा, संस्थान के प्राचार्य दिव्य राज गणेश, विशेष कार्य पदाधिकारी नवाजिश अख्तर व अनुपम प्रकाश, आईटी मैनेजर आनंद शंकर तथा सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी सहित तीनों जिलों के सभी अंचल अधिकारी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights