बेढ़ना पहुंचे पूर्व मुखिया प्रतिनिधि रंजीत टिल्लू, पीड़ित परिवारों को दी आर्थिक सहायता

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

चार युवकों की मौत पर जताया गहरा दुख, प्रत्येक मृतक के परिजन को पचास-पचास हजार रुपये की दी मदद

पटना/बाढ़, 04 सितंबर 2026: बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना पश्चिमी पंचायत स्थित सैदपुर टोला में चार युवकों की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घटना से मर्माहत बेढ़ना पश्चिमी पंचायत की पूर्व मुखिया सोनी देवी के पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत कुमार उर्फ टिल्लू पीड़ित परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मिलकर गहरी संवेदना प्रकट की और उन्हें ढाढ़स बंधाया।

घटना की निंदा करते हुए रंजीत कुमार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कमाने वाले सदस्यों के चले जाने से पीड़ित परिवारों पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है। इस कठिन परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रत्येक पीड़ित परिवार को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सहयोग का आगामी पंचायत चुनाव या राजनीति से कोई संबंध नहीं है। गांव और समाज का संकट उनका निजी संकट है और संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने अन्य सक्षम लोगों से भी शोकाकुल परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

Verified by MonsterInsights