लोक अदालत जागरूकता रथ रवाना, वादों के त्वरित निष्पादन का संदेश

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बाढ़ व्यवहार न्यायालय से 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए न्यायिक पदाधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

पटना/बाढ़, 04 सितंबर 2026: आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता और व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से गुरुवार को बाढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ रवाना किया गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार चौबे तथा अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति प्रियदर्शनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।

जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार चौबे ने कहा कि लोक अदालत पक्षकारों को त्वरित, सुलभ और अंतिम न्याय दिलाने का सबसे सशक्त माध्यम है। पूरे क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर वादकारियों को उनके लंबित सुलहनीय मामलों के परस्पर समझौते के आधार पर निष्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे पक्षकारों को अदालती प्रक्रियाओं से मुक्ति पाने का सुनहरा अवसर मिलता है।

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मनीष कुमार, विवेक भारद्वाज, शैलेंद्र कुमार सिंह, अमित कुमार दीक्षित, अपर मुख्य दंडाधिकारी राम मनोहर चौधरी, धीरजेंद्र पातंजलि सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। उपस्थित अधिवक्ताओं ने न्यायिक पदाधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता रथ से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी मिलेगी और अधिकाधिक मुकदमों का शांतिपूर्ण निष्पादन संभव हो सकेगा।

Verified by MonsterInsights