पटना में मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज़ पर खाद्य संरक्षा विभाग का छापा: 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट, 14 दिनों का सुधार नोटिस

Live ख़बर

– लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

कदमकुआं और कंकड़बाग डोमिनोज़ में 32 हजार की सामग्री विनष्ट, गांधी मैदान मैकडॉनल्ड्स में स्वच्छता और एलर्जी चेतावनी की अनदेखी पर कार्रवाई

पटना, 17 अक्टूबर 2026: राजधानी पटना में आम लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने अंतरराष्ट्रीय फूड चेन्स पर शिकंजा कसा है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर अधिकारियों की विशेष टीम ने ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और कंकड़बाग व कदमकुआं स्थित डोमिनोज़ आउटलेट्स पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान डोमिनोज़ के दोनों प्रतिष्ठानों से लगभग ₹32,000 मूल्य की करीब 160 दूषित पिज्जा स्क्रीन जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दी गईं। इसके अलावा स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर दोनों प्रमुख ब्रांड्स को 14 दिनों का सख्त सुधार नोटिस थमाया गया है।

जांच टीम ने कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज़ से 110 और कदमकुआं के एम्बिशन ओझा प्लाजा स्थित डोमिनोज़ से 50 खराब पिज्जा स्क्रीन बरामद कीं, जिन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 38 4 के तहत मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाते हुए नष्ट कराया गया। इसके साथ ही इन प्रतिष्ठानों में ड्रेनेज सिस्टम में खामी, कटिंग बोर्ड और शेल्फ पर गंदगी, डीप फ्रीजर का तापमान लॉग बुक न होना और कच्चे माल का ब्योरा न मिलने जैसी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। ग्राहकों के लिए रखी सॉस की बोतलें अस्वच्छ पाई गईं और वेज व नॉन-वेज उत्पादों को अलग-अलग रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

वहीं ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स में हालांकि भंडार गृह की सफाई संतोषजनक और कर्मियों के मेडिकल सर्टिफिकेट दुरुस्त मिले, लेकिन वहां कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य द्वार पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नदारद था। मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी नहीं दर्शाई गई थी। अधिकारियों ने मस्टर्ड सॉस का नमूना जांच के लिए लेते हुए संचालक को सात दिनों में स्वच्छता कमियां सुधारने तथा 14 दिनों के भीतर वैधानिक मानकों के अनुपालन का प्रमाण पेश करने को कहा है। विभाग ने चेताया है कि तय समय में सुधार न दिखने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई होगी।

Verified by MonsterInsights