–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
सीएसआर, ग्रामीण विकास और स्मार्ट कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान, नई दिल्ली में हुआ भव्य आयोजन
रांची, 11 अक्टूबर 2026: कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख अनुषंगी इकाई सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी जन-कल्याणकारी पहलों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। नई दिल्ली स्थित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित ‘द फोर्थ फॉर्च्यून लीडरशिप अवार्ड्स 2026’ में सीसीएल ने तीन प्रतिष्ठित श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए हैं। यह सम्मान कंपनी को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर), ग्रामीण विकास और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय और नवाचारी कार्यों के लिए दिया गया है।
इस समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र को सीएसआर क्षेत्र में कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी विजन के लिए ‘सीएसआर लीडर ऑफ द ईयर अवार्ड’ से नवाजा गया। इसके साथ ही संस्थान को समग्र सामाजिक योगदान के लिए ‘कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एक्सीलेंस अवार्ड’ तथा उन्नत कृषि और स्मार्ट खेती की दिशा में उठाए गए कदमों के लिए ‘रूरल डेवलपमेंट इम्पैक्ट अवार्ड’ प्रदान किया गया। संस्थान की ओर से सीएसआर प्रबंधक जॉन अमित बोदरा ने मंच पर यह सम्मान स्वीकार किया। इन उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित किया है कि सीसीएल खनन कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और समाज के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहा है।
