-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
नईसराय में 40वीं क्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता के तीसरे दिन तकनीकी स्पर्धाओं का सफल आयोजन
रामगढ़, 23 सितंबर 2026। सीसीएल के खान बचाव केंद्र, नईसराय में आयोजित चार दिवसीय 40वीं क्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के तीसरे दिन विभिन्न तकनीकी एवं बचाव स्पर्धाओं का सफल आयोजन हुआ। लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रतिभागी टीमों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने विपरीत मौसम में भी उत्कृष्ट अनुशासन, तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन रेस्क्यू एवं रिकवरी, फर्स्ट एड तथा स्टैच्यूटरी टेस्ट जैसी महत्वपूर्ण व्यावहारिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन स्पर्धाओं के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, टीम समन्वय और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन का गहन परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) और सीसीएल के विशेषज्ञ अधिकारियों का संयुक्त निर्णायक मंडल मूल्यांकन कर रहा है।

इस प्रतियोगिता में सीसीएल के 11 क्षेत्रों-बरका-सयाल, बीएंडके, अरगड्डा, कुजू, हजारीबाग, ढोरी, कथारा, मगध-संघमित्रा, एनके, आम्रपाली-चंद्रगुप्त और पिपरवार के अलावा एनसीएल एवं जेएमएस (चूरी) की टीमें भाग ले रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य भूमिगत खदानों में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान बचाव कर्मियों की कार्यकुशलता को निखारना है। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण 24 सितंबर को किया जाएगा।
