‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’: राज्य के 25 हजार लाभार्थियों को मिले 20-20 हजार रुपये

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

सीएम सम्राट चौधरी ने हस्तांतरित की प्रोत्साहन राशि, 31 मार्च 2027 तक उठा सकते हैं योजना का लाभ

पटना, 23 सितंबर: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार सरकार ने राज्य के 25,000 लाभार्थियों को ₹20,000 प्रति लाभार्थी की दर से प्रोत्साहन राशि का सीधा अंतरण (DBT) किया। इस महत्वाकांक्षी पहल का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव तथा ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बेलहर विधायक मनोज यादव, बांका जिला पदाधिकारी सहित विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी जुड़े। मुख्यमंत्री ने कई जिलों के लाभार्थियों से सीधा संवाद कर रूफटॉप सोलर सिस्टम के क्रियान्वयन और उससे बिजली बिल में आ रही बचत की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ और सस्ती बिजली के लिए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ प्राप्त करने की निर्धारित समय-सीमा 31 मार्च 2027 तक है। इससे न केवल सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आम परिवारों के घरेलू बजट में भी बड़ी राहत मिलेगी।

ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने बिहार में ऊर्जा क्षेत्र के रोडमैप को साझा करते हुए कहा कि राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए वृहद योजना पर काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में बिहार में कई नए सौर ऊर्जा संयंत्र, परमाणु ऊर्जा संयंत्र एवं आधुनिक ताप विद्युत संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इन वृहद परियोजनाओं से राज्य में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Verified by MonsterInsights