नवाचार और उद्यमिता से बदलेगी बिहार की तस्वीर: मुख्यमंत्री

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

तारामंडल में नेशनल इनोवेशन चैलेंज पोर्टल लॉन्च, 10 हजार नए उद्योग लगाने का लक्ष्य

पटना, 19 सितंबर 2026। राजधानी पटना स्थित तारामंडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित नेशनल इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी कार रैली’ के तहत 25 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने इनोवेशन प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और युवा उद्यमियों से स्टार्टअप्स एवं उनके नवाचारी उत्पादों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (ईस्ट ज़ोन)’ जैसे प्रयासों से युवाओं में सेवा भावना और नई सोच को प्रोत्साहन मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और नवाचार दृष्टि से प्रेरणा लेकर सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। बिहार में औद्योगिक माहौल तैयार हो चुका है। अब तक लगभग 1,000 उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है और अगले पांच वर्षों में 10,000 उद्योगों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है। राज्य सरकार का ध्येय है कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े।

शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों की स्थापना की गई है। ‘विद्यार्थी साथी’ ऐप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन मेंटरशिप उपलब्ध कराई जा रही है। देर रात एक बजे भी लगभग 1.42 लाख विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं, जिनके मार्गदर्शन के लिए 75,000 शिक्षक नामांकित हैं। इसके अतिरिक्त हाल ही में 2,500 सहायक प्राध्यापकों की बहाली की गई है। महिला सशक्तिकरण को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज की प्रदेश संयोजक डॉ. अमृता भूषण राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग व युवा उद्यमी उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights