– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
पटना, 4 अगस्त। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार लोक भवन में अग्निवीरों की सेवा अवधि पूर्ण होने के बाद उनके सम्मानजनक पुनर्वास एवं सार्थक समायोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्निवीरों के कौशल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का राष्ट्र निर्माण में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अग्निवीरों को सैन्य प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुशासन, दक्षता और नेतृत्व क्षमता का उपयोग आपदा प्रबंधन, विशेषकर अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने में किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि विद्यालयों, होटलों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, आपदा पूर्व तैयारी और आपदा प्रबंधन संबंधी कार्यों में भी अग्निवीरों की सेवाएं प्रभावी रूप से ली जा सकती हैं।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
बैठक के दौरान स्माइल एंड शो अप फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ‘प्रोजेक्ट अवतार (Avatar – Agniveer for Transformative Advancement with AI Advancement)’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में अग्निवीरों के कौशल विकास, रोजगार के अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया।
बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, कमांडेंट जनरल, होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार तथा बिहार लोक भवन के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अग्निवीरों के लिए सम्मानजनक एवं स्थायी अवसरों के सृजन तथा उनकी क्षमता का राष्ट्रहित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने यह संकल्प दोहराया कि अग्निवीरों के प्रशिक्षण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का बेहतर उपयोग कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से प्रभावी ढंग से जोड़ा जाएगा।

