राज्यपाल ने ‘प्रज्ञा बिहार’ जर्नल के प्रथम अंक का किया लोकार्पण

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

पटना, 4 अगस्त। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बिहार लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह के दौरान बिहार लोक भवन के त्रैमासिक जर्नल ‘प्रज्ञा बिहार’ के प्रथम अंक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार की समृद्ध बौद्धिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर नई दृष्टि से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बिहार सदियों से ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है। इसकी गौरवशाली विरासत को देश और दुनिया के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अपने हाल ही में प्रकाशित लेख ‘Rediscovering the Strategic Geography of Bihar’ का उल्लेख करते हुए बिहार के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामरिक महत्व पर प्रकाश डाला।

राज्यपाल ने कहा कि ज्ञान ही प्रगति का आधार है। ज्ञान व्यक्ति को सही दिशा देता है, उसकी सोच को समृद्ध बनाता है और उसकी वास्तविक क्षमता को पहचानने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ‘प्रज्ञा बिहार’ को एक उच्च स्तरीय त्रैमासिक जर्नल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, सिविल सेवकों, नीति-निर्माताओं और बुद्धिजीवियों के विचार प्रकाशित किए जाएंगे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह जर्नल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। राज्यपाल ने प्रथम अंक के सभी लेखकों, संपादकीय टीम एवं प्रकाशन से जुड़े सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि आगामी अंकों को और अधिक उपयोगी, गुणवत्तापूर्ण तथा व्यापक बनाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्वानों एवं विशेषज्ञों ने जर्नल को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इन सुझावों का स्वागत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उपयुक्त सुझावों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि ‘प्रज्ञा बिहार’ शोध, ज्ञान और बौद्धिक संवाद का एक प्रतिष्ठित मंच बन सके। उन्होंने सभी से आगामी अंकों को और अधिक समृद्ध बनाने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने जर्नल की विषय-वस्तु तथा इसमें प्रकाशित विभिन्न आलेखों का परिचय कराया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

समारोह में बिहार विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी, रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, राज्य सूचना आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा, राजस्व परिषद की अध्यक्ष हरजोत कौर बम्हरा, पूर्व मुख्य सचिव बी. एस. दूबे एवं ए. के. सिन्हा, भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी आर. यू. सिंह, जर्नल के लेखकगण, बिहार लोक भवन के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।