– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
पटना सिटी, 4 अगस्त। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के लिए वातानुकूलित (एसी) पालकी सेवा भेंट की गई। पालकी साहिब के तख्त परिसर पहुंचने पर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अरदास की गई और संगत की उपस्थिति में इसका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जत्थेदार बलदेव सिंह एवं अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी दिलीप सिंह ने अरदास कर पालकी सेवा के शुभारंभ की कामना की। कार्यक्रम में तख्त प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, कनीय उपाध्यक्ष तथा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में निर्मित इस वातानुकूलित पालकी को तख्त साहिब के प्रवक्ता सुदीप सिंह ने अरदास के उपरांत पटना साहिब के लिए रवाना किया था। पालकी सेवा के आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
तख्त प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुरी परिवार का तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के प्रति विशेष श्रद्धाभाव रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी पुरी परिवार द्वारा गुरु महाराज एवं माता साहिब कौर का जोड़ा साहिब तख्त साहिब को भेंट किया जा चुका है, जिसके दर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश से आने वाले अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु करते हैं।
उन्होंने कहा कि वातानुकूलित पालकी सेवा की यह भेंट श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ धार्मिक परंपराओं के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान है।

