समाज सेवा के संकल्प के साथ ‘श्रीराम बिल्डवर्स’ ने शुरू की पहली आवासीय भूखंड परियोजना

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

पटना, 4 अगस्त। रियल एस्टेट क्षेत्र में नई शुरुआत को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए श्रीराम बिल्डवर्स प्रा. लि. ने अपनी पहली 14 भूखंडों वाली आवासीय परियोजना का शुभारंभ अनंत ज्योति बालिका विद्यालय, कुर्जी (पटना) में दृष्टिबाधित छात्राओं के बीच मध्याह्न भोजन एवं फल वितरण कार्यक्रम के साथ किया। कंपनी ने इस अवसर पर व्यवसाय के साथ समाज सेवा को भी अपनी प्राथमिकता बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की दृष्टिबाधित छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने छात्राओं के साथ भोजन किया तथा उन्हें फल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस पहल को सामाजिक सरोकार और कॉर्पोरेट उत्तरदायित्व का सकारात्मक उदाहरण माना गया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

कंपनी के संचालन प्रमुख रोहित कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल भूखंडों का विकास और व्यवसायिक लाभ अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने निर्णय लिया है कि व्यवसाय से होने वाले लाभ का एक हिस्सा शारीरिक रूप से दिव्यांग एवं विशेष सहायता की आवश्यकता वाले छात्र-छात्राओं की शिक्षा, प्रोत्साहन, कौशल विकास और सहयोग के लिए समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आत्मनिर्भर बनने तथा समाज की मुख्यधारा से सम्मानपूर्वक जुड़ने में सहयोग प्रदान करना है। कंपनी भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

मीडिया से बातचीत में रोहित कुमार ने कहा कि “व्यवसाय की वास्तविक सफलता केवल आर्थिक लाभ में नहीं, बल्कि समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि समाज के अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे, तो शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कई नई पहलें संभव हो सकेंगी।

कंपनी ने अपनी पहली भूखंड परियोजना में निवेश करने वाले ग्राहकों से भी इस सामाजिक अभियान का सहभागी बनने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि प्रत्येक निवेश केवल एक संपत्ति की खरीद नहीं होगा, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।