मुख्य सचिव ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, वीसी से जुड़े भोजपुर डीएम

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

4 नए डिग्री कॉलेजों के लिए भूमि चिह्नित करने में तेजी लाने और सूर्य घर योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश

भोजपुर, 26 अगस्त: बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, टीबी मुक्त भारत अभियान, नए डिग्री कॉलेजों के लिए भूमि उपलब्धता, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, समाज कल्याण विभाग की लंबित योजनाओं तथा वेजफेड (Veg Fed) की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए भोजपुर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जिले में चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि भोजपुर जिले के सहार, संदेश, चरपोखरी और अगिआंव में चार नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन कॉलेजों के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 9,000 से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिस पर काम जारी है। इसके साथ ही उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सघन स्क्रीनिंग कराने तथा समाज कल्याण विभाग के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए।