बोकारो में आधी रात भीषण धमाके से दहली बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी, साबुन कारोबारी का मकान तबाह

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

दो कमरे, किचन और चारदीवारी के उड़े परखच्चे, मलबे में तब्दील हुआ आशियाना; बाल-बाल बचे 9 परिवार

बोकारो, 18 अक्टूबर 2026 : इस्पातनगरी के रिहायशी क्षेत्र बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी में शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे हुए एक जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। प्लॉट संख्या 95 स्थित व्यवसायी अनिल कुमार झा के दो मंजिला मकान में हुए इस अप्रत्याशित विस्फोट से दो पक्के कमरे, किचन, बाथरूम और मजबूत बाउंड्री वॉल पूरी तरह जमींदोज हो गए। विस्फोट की तीव्रता इतनी भयानक थी कि दरवाजे-खिड़कियों के परखच्चे उड़ गए और भीतर रखा गृहस्थी का सामान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। हादसे के वक्त मकान में नौ परिवार मौजूद थे, जिनमें से पांच परिवार भूतल पर सो रहे थे। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और सभी बाल-बाल बच गए। प्राथमिक आकलन के अनुसार 20 से 30 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

मकान मालिक अनिल कुमार झा का बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में चंद्र सोप इंडस्ट्रीज के नाम से साबुन निर्माण का संयंत्र है। परिजनों के अनुसार, रात के सन्नाटे में धमाका इतना जोरदार था मानो कोई बम फटा हो या आकाशीय बिजली गिरी हो। झटके से आसपास के भवनों के शीशे भी चटक गए और दहशत के मारे मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए।

धमाके की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय स्तर पर पीएनजी पाइपलाइन में गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि गैस आपूर्ति के जानकारों का कहना है कि घरेलू पाइपलाइन में दबाव काफी कम रहता है। कंक्रीट की मजबूत दीवारों के गिरने और मलबे की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है कि कहीं किसी बंद कमरे में गैस चैंबर बना था या कोई अन्य ज्वलनशील तत्व इस घटना का कारण बना।

Verified by MonsterInsights