-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
दीये सजाने, रंगोली बनाने और ‘राम आएंगे’ की धुन पर थिरके नन्हे कदम, दिवाली की रौनक ने मोहा मन
पटना, 05 नवम्बर 2026 : राजधानी पटना के गर्दनीबाग स्थित ‘Naitik’s Kinderra British Pre School’ में दीपावली के पावन अवसर पर एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘किंडेरा उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस उत्सव में नन्हे-मुन्नों ने अपनी कला, रचनात्मकता और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दिवाली के जश्न को बेहद खास बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनकी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पर्वों से जोड़ना था, जिससे उनमें छोटी उम्र से ही सामाजिक और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।
उत्सव के दौरान स्कूल परिसर में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। नन्हे हाथों से मिट्टी के दीयों को खूबसूरत रंगों और आकर्षक पैटर्न से सजाया गया। इसके साथ ही जमीन पर उकेरी गई रंग-बिरंगी रंगोलियों ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत कोरियोग्राफर धर्मवीर सर के मार्गदर्शन में बच्चों ने लोकप्रिय भक्ति गीत ‘आज गली-गली अवध सजाएंगे… राम आएंगे’ पर शानदार नृत्य पेश किया। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर आधारित इस धुन पर जब बच्चों के नन्हे कदम थिरके, तो वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
समारोह की सफलता में स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने अहम भूमिका निभाई। डायरेक्टर सारिका चौहान ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान प्रिंसिपल कामिनी प्रिया, कोऑर्डिनेटर आयशा तबस्सुम और शिक्षिकाओं-तुलिका गुप्ता, प्रीति सिन्हा, सिम्मी कुमारी व अदिति कुमारी ने पूरी तन्मयता के साथ आयोजन को सफल बनाया। इस प्रकार ‘किंडेरा उत्सव’ बच्चों के लिए सीखने, अपनी कला दिखाने और त्योहार की खुशियां आपस में बांटने का एक यादगार अवसर साबित हुआ।
