– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से तार्किक सोच, रचनात्मकता और स्वतंत्र चिंतन विकसित करने का आह्वान
पटना, 16 जुलाई। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन ने गुरुवार को चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान (सीआईएमपी), पटना में आयोजित राष्ट्रीय अंतर-महाविद्यालयी क्रॉसवर्ड एक्सपेडिशन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के टी-शर्ट एवं स्मारिका का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि क्रॉसवर्ड केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ऐसी बौद्धिक गतिविधि है जो विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करती है और सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाती है।
उन्होंने कहा कि जीवन की महत्वपूर्ण सीख केवल कक्षा और परीक्षाओं से ही नहीं, बल्कि रचनात्मक गतिविधियों से भी मिलती है। क्रॉसवर्ड विद्यार्थियों को धैर्यपूर्वक प्रयास करने, समस्याओं का समाधान खोजने तथा आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित करता है।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच, रचनात्मकता, नवाचार, विभिन्न दृष्टिकोणों से समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता तथा निर्णय लेने का कौशल विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में क्रॉसवर्ड, क्विज एवं वाद-विवाद जैसी गतिविधियों को नियमित शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक आज कई प्रश्नों के उत्तर तुरंत उपलब्ध करा सकती है, लेकिन विद्यार्थियों के लिए स्वयं सोचने, समझने और विश्लेषण करने की क्षमता विकसित करना पहले से अधिक आवश्यक हो गया है।
अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी सफल रणनीति की नींव परिस्थितियों का सही आकलन, दूरदर्शी सोच और समयानुकूल निर्णय पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि क्रॉसवर्ड जैसी बौद्धिक गतिविधियां इन गुणों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देशभर के अधिक से अधिक विद्यालय और महाविद्यालय इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को अपनाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व विकास का बेहतर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम को राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह तथा बिहार रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख राजीव रंजन सिन्हा, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक डॉ. राणा सिंह, मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी कुमोद कुमार, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

