निर्माणाधीन पुल का गार्डवाल ध्वस्त, जेएलकेएम ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

1.90 करोड़ की लागत से बन रहे पुल में अनियमितता का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

बोकारो, 1 सितंबर 2026: चंदनकियारी प्रखंड में निर्माणाधीन पुल के एप्रोच रोड का गार्डवाल ध्वस्त होने का मामला गरमा गया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय महासचिव अर्जुन रजवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बोकारो उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार, पथ निर्माण विभाग द्वारा एनएच 218 को एनएच 32 से जोड़ने वाली हुटुपाथर-मिर्धा पीडब्ल्यूडी सड़क पर खालिसा नदी पर करीब 1.90 करोड़ रुपये की लागत से पुल और संपर्क पथ का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के कुछ ही दिनों बाद बीते रविवार को इसका गार्डवाल अचानक ढह गया।

अर्जुन रजवार ने आरोप लगाया कि यह घटना निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को दर्शाती है। विभाग अपनी नाकामी छिपाने के लिए मलबे को पॉलीथीन से ढकने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दोषी संवेदक व विभागीय अभियंताओं पर कानूनी कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की। कार्रवाई न होने पर संगठन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश कुमार, राजू महतो, राजेश कुमार महतो, उत्तम कुमार महतो और बलराम प्रमाणिक शामिल रहे।