बोकारो में एक साथ फुट पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बाजार, बैंक-एटीएम और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने की पैदल गश्ती, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

बोकारो | 24 अगस्त 2026: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बोकारो जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सोमवार को एक साथ फुट पेट्रोलिंग की गई। पुलिस टीमों ने शहर और ग्रामीण इलाकों के मुख्य बाजारों, बैंक-एटीएम, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा का जायजा लिया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने मनचलों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी

बोकारो पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। पुलिस का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

पुलिस ने नशाखोरी, अड्डेबाजी, जुआ और लॉटरी जैसी गतिविधियों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने का निर्देश दिया गया है।