अरगड़ा क्षेत्र में समाधान शिविर आयोजित

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

सीसीएल की पहल से कर्मचारियों की सेवा संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण, पारदर्शी कार्य संस्कृति को मिला बढ़ावा

रांची, 05 अगस्त। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय की ओर से अरगड़ा क्षेत्र में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों को प्रबंधन के समक्ष रखा। शिविर के दौरान अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

समाधान शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक गौतम चौधरी ने की। इस अवसर पर अरगड़ा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) तेजविंदर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं नोडल अधिकारी समाधान सेल ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल), विभिन्न इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

शिविर के दौरान कर्मचारियों द्वारा आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, पदोन्नति तथा अन्य सेवा संबंधी मामलों से जुड़ी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया।

जिन मामलों के निस्तारण के लिए विस्तृत प्रशासनिक प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें नियमानुसार दर्ज कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान हो सके।

सीसीएल की यह पहल कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था तथा उत्तरदायी कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। समाधान शिविर के माध्यम से कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच संवाद को भी मजबूती मिली, जिससे कार्यस्थल पर विश्वास और सहयोग का वातावरण और सशक्त होने की उम्मीद है।