– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
देशभक्ति, करुणा और आत्मबोध की कविताओं से विद्यार्थियों ने जीता दिल, आयुष आनंद प्रथम रहे
बोकारो, 05 अगस्त। चिन्मय विद्यालय, बोकारो में विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से हिन्दी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यालय पुस्तकालय एवं सांस्कृतिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा छह से बारहवीं तक के 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। देशभक्ति, वात्सल्य, करुणा, आत्मबोध और सामाजिक सरोकारों पर आधारित कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा 11-सी के आयुष आनंद ने प्रथम, कक्षा 12-एम की वैष्णवी कुमारी ने द्वितीय तथा कक्षा 12-के के सत्यम कुमार गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन हिन्दी विभाग की शिक्षिका ज्योति दुबे एवं शिक्षक अभिनव बर्मन ने किया।
विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदनाओं, वात्सल्य, करुणा और आत्मचिंतन जैसे विविध विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कई प्रतिभागियों ने कविता पाठ के दौरान संस्कृत श्लोकों एवं गीतों का भी समावेश किया, जिससे प्रस्तुतियां और अधिक आकर्षक बन गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
प्राचार्य सूरज शर्मा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि कविताएं समाज की संवेदनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति होती हैं। उन्होंने कहा कि कम शब्दों में गहन भाव व्यक्त करने की क्षमता कविता की सबसे बड़ी विशेषता है। ऐसे साहित्यिक आयोजनों से विद्यार्थियों में लेखन, वाचन, अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच का विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य ने विद्यालय पुस्तकालय विभाग के आशुतोष चौबे, एस.एन. झा एवं पंकज मिश्रा सहित आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों और सहयोगियों को बधाई दी।

