– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
गांधी मैदान में राजकीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा, 13 विभागों की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
पटना, 06 अगस्त। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह की तैयारियों का प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वडबड़े ने निरीक्षण कर व्यापक समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि पूरे गांधी मैदान को चार जोन में विभाजित कर तैयारियां की जा रही हैं। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल निकासी, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, परेड एवं पूर्वाभ्यास, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन, ध्वनि विस्तारक यंत्र, झांकियों के प्रदर्शन तथा विधि-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह इस वर्ष भी पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। गांधी मैदान में अस्थायी थाना कार्यरत हो चुका है तथा पूरे मैदान और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। बुडको एवं विद्युत विभाग द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइटों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा समारोह स्थल पर पर्याप्त संख्या में प्रकाश मीनारें भी लगाई जाएंगी।
समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बारिश को देखते हुए जलजमाव रोकने के लिए नूतन राजधानी अंचल एवं पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को पर्याप्त संख्या में सक्शन मशीन उपलब्ध रखने को कहा गया है। बुडको के अधिकारियों को सभी नालों की सफाई और मरम्मत समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे।
परेड की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सार्जेंट मेजर ने बताया कि इस वर्ष समारोह में 20 परेड टुकड़ियां भाग लेंगी और उनका नियमित पूर्वाभ्यास जारी है। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने समारोह के लिए की जा रही सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
13 विभागों की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस वर्ष 13 विभागों की आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, ग्रामीण विकास विभाग (जीविका), बिहार मौसम सेवा केंद्र, राज्य अग्निशमन सेवा, कृषि निदेशालय, नागरिक सुरक्षा निदेशालय, महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, उद्योग विभाग, विधि विभाग तथा ऊर्जा विभाग शामिल हैं।
सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि झांकियों को आकर्षक एवं संदेशपरक बनाया जाए तथा उनमें भाग लेने वाले कलाकार नियमित रूप से पूर्वाभ्यास करें। प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वडबड़े ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राज्य का अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते रहें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शुभम कुमार सहित आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

