आईआईटी पटना में नशा मुक्ति का संदेश

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

18वें स्थापना दिवस समारोह में डीजीपी विनय कुमार ने युवाओं से किया नशामुक्त समाज निर्माण का आह्वान

पटना, 06 अगस्त। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना के 18वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन गुरुवार को संस्थान परिसर में गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

समारोह में आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. त्रिलोकी नाथ सिंह, डीन (प्रशासन) प्रो. ए. के. ठाकुर, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (P&SNCB) के अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. अमित कुमार जैन, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक इमरान परवेज, संस्थान के संकाय सदस्य, कर्मचारी, लगभग 1100 छात्र-छात्राएं तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डीजीपी विनय कुमार ने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा पीढ़ी ही विकसित समाज की आधारशिला बन सकती है।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. अमित कुमार जैन ने प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों, उनके दुष्प्रभाव, उनसे बचाव के उपाय तथा मादक पदार्थों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता और समय पर सही जानकारी ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। आयोजन के माध्यम से “नशा मुक्त बिहार – नशा मुक्त भारत” अभियान को मजबूत करने और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

Verified by MonsterInsights