CCL कर्मी के आश्रित को मिला ₹1 करोड़ का लाभ

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

PNB के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत दिवंगत कर्मचारी के परिवार को दुर्घटना मृत्यु लाभ, अब तक सात दावों का सफल निपटारा

रामगढ़/कुजू, 07 अगस्त। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कुजू क्षेत्र के जीएम यूनिट स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को ₹1 करोड़ का दुर्घटना मृत्यु लाभ प्रदान किया गया। यह राशि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के अंतर्गत प्रदान की गई।

यह लाभ कर्मा परियोजना, कुजू क्षेत्र में कार्यरत दिवंगत कर्मचारी बसुदेव महतो, पूर्व सहायक (ग्रेड-डी), के आश्रित परिवार को मिला। कार्यक्रम के दौरान उनकी माता भोखरी देवी को CCL और PNB के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ₹1 करोड़ का चेक सौंपा गया।

बताया गया कि CCL में कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत दुर्घटना मृत्यु लाभ के दावे का यह सातवां सफल निपटारा है। यह योजना आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा, CCL मुख्यालय से विभागाध्यक्ष (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) पल्लब चक्रवर्ती, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) रूबी रंजन, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुचित्रा मुखर्जी, कर्मा परियोजना के परियोजना पदाधिकारी रमेश्वर मुंडा तथा स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन), कुजू क्षेत्र सुमित प्रज्ञ सारंगी उपस्थित रहे।

PNB की ओर से हजारीबाग सर्किल के सर्किल हेड दीपक कुमार वर्मा, मार्केटिंग हेड रोहित, कुजू शाखा के शाखा प्रबंधक ईशाक बरला, शाखा प्रबंधक ब्रह्मांड साह तथा PNB मेटलाइफ के सर्किल हेड बिनोद कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों ने दिवंगत कर्मचारी के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति जताई। अधिकारियों ने कहा कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज केवल बैंकिंग सुविधा नहीं, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आकस्मिक परिस्थितियों में इससे आश्रितों को वित्तीय सहायता मिलती है।

अधिकारियों ने CCL कर्मचारियों से कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और बीमा लाभों की जानकारी लेने तथा उनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि CCL और पंजाब नेशनल बैंक कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध हैं तथा भविष्य में भी कर्मचारियों और उनके आश्रितों के हितों की सुरक्षा के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Verified by MonsterInsights