ईएसएल स्टील के दो उत्पादों को ग्रीनप्रो प्रमाणन

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

V-WIRRO वायर रॉड और V-DUCPIPE डक्टाइल आयरन पाइप को मिला सीआईआई ग्रीनप्रो इकोलेबल, तीन प्रमुख उत्पाद अब प्रमाणित

बोकारो, 07 अगस्त। वेदांता आयरन एंड स्टील (VISL) की सब्सिडियरी कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के V-WIRRO वायर रॉड और V-DUCPIPE डक्टाइल आयरन पाइप को भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के प्रतिष्ठित ग्रीनप्रो इकोलेबल प्रमाणन से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही ईएसएल स्टील के तीन प्रमुख फिनिश्ड स्टील उत्पाद अब ग्रीनप्रो प्रमाणित हो गए हैं।

कंपनी का V-Xega TMT Bar पहले से ही ग्रीनप्रो प्रमाणित है। अब V-WIRRO वायर रॉड और V-DUCPIPE डक्टाइल आयरन पाइप के प्रमाणन के बाद कंपनी के प्रमुख उत्पाद पोर्टफोलियो का दायरा और विस्तृत हुआ है। यह उपलब्धि ईएसएल स्टील की पर्यावरण-अनुकूल विनिर्माण प्रक्रिया, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

ग्रीनप्रो इकोलेबल भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा विकसित टाइप-1 इकोलेबल है। इसके तहत उत्पादों का उनके संपूर्ण जीवनचक्र के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें कार्बन फुटप्रिंट, पर्यावरणीय प्रभाव, संसाधनों के उपयोग तथा स्थिरता से जुड़े विभिन्न मानकों को शामिल किया जाता है। निर्धारित कठोर मानकों को पूरा करने वाले उत्पादों को ग्रीनप्रो इकोलेबल के तहत ग्रीन प्रोडक्ट के रूप में मान्यता दी जाती है।

इस उपलब्धि पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा कि ग्रीनप्रो प्रमाणन कंपनी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिम्मेदार विनिर्माण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सतत विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कंपनी का उद्देश्य केवल उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात उत्पाद तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे समाधान विकसित करना भी है जो पर्यावरण संरक्षण और देश के सतत विकास में योगदान दें।

ग्रीनप्रो प्रमाणित उत्पादों को हरित भवनों, आधुनिक आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा जिम्मेदार खरीद प्रक्रियाओं में बढ़ती प्राथमिकता मिल रही है। ऐसे प्रमाणन से ग्राहकों को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विश्वसनीय उत्पादों के चयन में सहायता मिलती है।

ईएसएल स्टील की ओर से बताया गया कि कंपनी अपने परिचालन को अधिक टिकाऊ बनाने के लिए लगातार नवाचार, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाने पर जोर दे रही है। कंपनी का लक्ष्य औद्योगिक विकास में योगदान देने के साथ-साथ हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।