हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने पर जोर, अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

मुजफ्फरपुर, 4 अगस्त। आगामी “हर घर तिरंगा” अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनसहभागिता का महाअभियान है। इसे जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक पूरे जिले में “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अधिकाधिक घरों एवं संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना, ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष का व्यापक आयोजन करना तथा फ्लैग कोड के नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है।

विद्यालयों में होंगे राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष विषय पर क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद, चर्चा-परिचर्चा, राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक चलेगा जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत एवं वार्ड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़ सके। उन्होंने आईसीडीएस के माध्यम से आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे अभियान गांव-गांव और घर-घर तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

जीविका दीदियों से खरीदे जाएंगे राष्ट्रीय ध्वज

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वजों की खरीद जीविका स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से की जाएगी। इससे स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार के विशेष प्रावधान के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में लगभग 4,000 राष्ट्रीय ध्वजों की खरीद की जाएगी। इन ध्वजों का वितरण ग्राम पंचायतों, जीविका स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) तथा अन्य स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा।

जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें—

  1. घर-घर तिरंगा वितरण अभियान
  2. तिरंगा यात्रा
  3. बाइक एवं साइकिल रैली
  4. ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन
  5. तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता
  6. सांस्कृतिक कार्यक्रम
  7. प्रदर्शनी
  8. सरकारी भवनों की त्रिवर्णीय रोशनी
  9. ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान

जैसे कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जाएगी।

अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से राष्ट्रीय ध्वज की खरीद एवं वितरण सुनिश्चित करने, पंचायतवार वितरण योजना तैयार करने, प्रतिदिन अभियान की समीक्षा एवं अनुश्रवण करने तथा जनप्रतिनिधियों, जीविका समूहों, पैक्स, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, ‘मेरा युवा भारत’, खेल क्लबों एवं व्यापारिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी संभव है जब जिले का प्रत्येक नागरिक इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी निभाए। हमारा लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, विद्यालय, महाविद्यालय एवं सार्वजनिक संस्थानों में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।

नोडल पदाधिकारी होंगे जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी “हर घर तिरंगा” अभियान की नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त वरीय नोडल पदाधिकारी के रूप में अभियान की निगरानी करेंगे और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाएंगे।

बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।