-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के तहत 108 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, उत्कृष्ट प्रतिभागी सम्मानित
झाकड़ी, 22 सितंबर: भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय एवं एसजेवीएन (SJVN) निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (NJHPS) द्वारा 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना प्रमुख इंजीनियर राजीव कपूर के मार्गदर्शन में राजकीय माध्यमिक विद्यालय (GSSS) सनारसा में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 108 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों और निबंधों के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवनशैली और प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। परियोजना प्रमुख ई० राजीव कपूर ने कहा कि बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा इसे उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनजेएचपीएस के आर एंड आर एवं सीएसआर विभाग की उप महाप्रबंधक कौशल्या नेगी तथा सहायक प्रबंधक ई० जोगिंदर सहित विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उनकी रचनात्मक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
