गांधी मैदान में दशहरा महोत्सव व रामलीला की तैयारियां तेज: 11 से 20 अक्टूबर तक मचेगी धूम, आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

11 से 14 अक्टूबर तक दशहरा महोत्सव और 20 तक चलेगी रामलीला; वॉच टावर, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

पटना, 08 अक्टूबर 2026 : ऐतिहासिक गांधी मैदान में इस वर्ष दशहरा महोत्सव और भव्य रामलीला का आयोजन पूरे उल्लास और गरिमा के साथ किया जाएगा। श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति तथा कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला दशहरा महोत्सव 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जबकि गांधी मैदान में ही 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। इन आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि गांधी मैदान में लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं और दर्शकों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती करने के साथ-साथ वाहनों की सुगम आवाजाही और व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश दिए। नगर निगम को पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चौबीसों घंटे विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है। मैदान की सभी हाईमास्ट और वेपर लाइटों को दुरुस्त कर निर्बाध रोशनी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए पेसू (PESU) को निर्बाध आपूर्ति बहाल रखने और वैकल्पिक जनरेटर की व्यवस्था रखने को कहा गया है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, नियमित शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय और मेडिकल टीमों के साथ एम्बुलेंस की तैनाती अनिवार्य की गई है। दर्शकों के प्रवेश और निकास के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और मेटल डिटेक्टर के जरिए सघन जांच होगी।

भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए गांधी मैदान में कई वॉच टावर बनाए जाएंगे और चप्पे-चप्पे पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मैदान में एक आधुनिक कंट्रोल रूम और अतिरिक्त स्थायी पुलिस आउटपोस्ट भी कार्यरत रहेगा। बैठक में ट्रैफिक एसपी सागर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा, उपनिदेशक खाद्य प्रतिभा सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights