राम लखन सिंह यादव कॉलेज में चला ‘प्लास्टिक मुक्त परिसर’ अभियान

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

एनएसएस की रैली, सफाई अभियान और शपथ कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

पटना, 13 जुलाई 2026 | पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार राम लखन सिंह यादव कॉलेज, अनिसाबाद के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विभाग द्वारा सोमवार को ‘प्लास्टिक मुक्त परिसर जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं आम नागरिकों को सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद कॉलेज परिसर से अनिसाबाद गोलंबर तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक विरोधी नारे लगाए और बैनर के माध्यम से लोगों को सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया।

रैली के उपरांत स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया और स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र प्रसाद एवं एनएसएस समन्वयक प्रो. प्रसिद्ध कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।

एनएसएस समन्वयक प्रो. प्रसिद्ध कुमार ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।