– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग और डिजिटल मीडिया में युवाओं को मिलेगा उद्योग आधारित प्रशिक्षण, पटना में खुली बिहार की पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी
पटना, 27 जुलाई 2026। बिहार के युवाओं के लिए डिजिटल क्रिएटिव उद्योग में करियर के नए अवसरों का द्वार खुल गया है। पटना में बिहार की पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी का शुभारंभ किया गया। अकादमी का संचालन एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग, ग्राफिक डिज़ाइन, यूआई/यूएक्स और डिजिटल मीडिया जैसे उभरते क्षेत्रों में उद्योग आधारित गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन समारोह में शिक्षा, उद्योग और मीडिया जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी आधारित क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और ऐसे में इस तरह की संस्थाएं युवाओं के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्य अतिथि अभिनेता राजेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय रचनात्मकता और तकनीक का है। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी रुचि को सही प्रशिक्षण और मेहनत के साथ जोड़ें, तो एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट करियर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बिहार के विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम में रिलायंस एनीमेशन अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेजोनिधि भंडारी और बिजनेस हेड संदीप शेट्टी ने अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम, अत्याधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और प्लेसमेंट सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थी रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स के प्रबंध निदेशक फ़रहान खान ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य बिहार के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य में ही आधुनिक एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान राज्य में क्रिएटिव एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट को नई दिशा देगा तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं करियर के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अकादमी के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का अवलोकन किया और इसे बिहार में कौशल विकास तथा डिजिटल क्रिएटिव शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

