रांची में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार: 97 किलो गांजे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

ओडिशा से हजारीबाग ले जाई जा रही थी खेप, पुलिस और एनसीबी की संयुक्त कार्रवाई में हुआ भंडाफोड़

रांची, 3 अक्टूबर 2026: राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को बड़ी सफलता मिली है। नगड़ी थाना क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान करीब 97 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त कर लिया गया है।

एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप रांची के रास्ते हजारीबाग के बरही की ओर भेजी जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए नगड़ी इलाके में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दो संदिग्ध कारें नजर आईं, जिनमें से आगे चल रही गाड़ी रास्ते की रेकी कर रही थी और पीछे वाली गाड़ी में गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार सहित तीन लोग शामिल हैं। पुलिस और एनसीबी की टीम अब इस गिरोह के मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुटी है।

Verified by MonsterInsights