– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
26 बिहार बटालियन एनसीसी के 200 कैडेटों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली यात्रा
खगौल, 10 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 26 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। 26 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुशांत गोविल की निगरानी में आयोजित इस यात्रा में एनसीसी अधिकारियों सहित करीब 200 कैडेटों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा जे.एन. लाल कॉलेज, खगौल से शुरू होकर दानापुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित तिरंगे तक पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कैडेटों ने ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान : कर्नल गोविल
इस अवसर पर कर्नल सुशांत गोविल ने कहा कि देश के प्रति समर्पित रहना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय भावना, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
एनसीसी अधिकारियों ने बढ़ाया कैडेटों का उत्साह
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनसीसी अधिकारी सूबेदार महेंद्र सिंह, कैप्टन सुनील कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ सुभाष कुमार झा, हवलदार बिंदे और सीटीओ कोनार्क बस्ट सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिकारियों और कर्मियों ने यात्रा के दौरान कैडेटों का उत्साहवर्धन किया। करीब 200 कैडेटों की सहभागिता से आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने खगौल में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

