अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग की नई निदेशक बनीं प्रियंका रानी, संभाला कार्यभार

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना, 17 दिसंबर 2025 : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में नए निदेशक के रूप में श्रीमती प्रियंका रानी, भारतीय प्रशासनिक सेवा (बैच 2019) ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह कार्यभार श्री श्याम बिहारी मीणा, भारतीय प्रशासनिक सेवा (बैच 2014) से ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती प्रियंका रानी ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग का समग्र सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावासों और डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नव नियुक्त निदेशक ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या असहयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य में बाधा उत्पन्न करने या दायित्वों के निर्वहन में कोताही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाएगी तथा जनकल्याण से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर विभाग के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्थान में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।