चास की जनसमस्याओं पर नगर विकास समिति का तीखा तेवर

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

बोकारो | 4, जनवरी, 2026

चास क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर नगर विकास समिति ने अपना रुख और तेज कर दिया है। रविवार को समिति की मासिक समीक्षा बैठक अध्यक्ष अभय कुमार मुन्ना की अध्यक्षता में तथा गौरी शंकर सिंह के संचालन में आयोजित की गई, जिसमें चास नगर निगम और अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर खुलकर सवाल उठाए गए।

बैठक में समिति के संरक्षक अशोक जगनानी ने बताया कि हाल के दिनों में नगर विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर चास में व्याप्त भ्रष्टाचार, कमजोर कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की परेशानियों से अवगत कराया है। उनका कहना था कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।

प्रमुख आरोप और जनसमस्याएँ

  • अंचल कार्यालय में बिना रिश्वत के कार्य होना लगभग असंभव
  • रैयती जमीन को सिक्कमी करने की प्रक्रिया से हजारों लोग परेशान
  • नगर निगम भंग होने के बावजूद निवर्तमान जनप्रतिनिधियों की मनमानी
  • कचरा निस्तारण और सीवरेज व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं
  • स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मियों की गुटबाजी
  • आयुष्मान योजना का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन नहीं

समिति की उपाध्यक्ष लालमुनी देवी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि संविदा कर्मियों के आपसी गुटबाजी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंदों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रही है।

महासचिव अतीश कुमार सिंह ने बोकारो स्टील प्लांट और नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन को लेकर मानवीय दृष्टिकोण की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन से जुड़े मजदूरों और आसपास के नागरिकों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।

आगे की रणनीति पर निर्णय

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए वार्ड स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वच्छ छवि, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह प्रतिनिधि चुने जा सकें।

बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्य

  • बालकृष्ण मुरारी
  • डॉ. एस. कुमार
  • करमचंद गोप
  • सुनील सिंह
  • शिवकुमार श्रीवास्तव
  • विनोद चौधरी
  • दिलीप सिंह
  • रामकिंकर माहथा
  • रानी माली
  • महानंद महतो
  • प्रदीप कुमार

नगर विकास समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक चास की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाता रहेगा और प्रशासन पर जवाबदेही का दबाव बनाया जाएगा।